हरियाली तीज पर झूमा प्रयागराज, 100 से अधिक महिलाओं ने लिया सांस्कृतिक उत्सव का आनंद

हरियाली तीज पर झूमा प्रयागराज, 100 से अधिक महिलाओं ने लिया सांस्कृतिक उत्सव का आनंद

संवाददाता — आयुष मिश्रा प्रयागराज। जय त्रिवेणी जय प्रयाग के तत्वावधान में बुधवार को सिविल लाइंस स्थित होटल स्टार रीजेंसी में हरियाली तीज के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के पदाधिकारियों के परिचय के साथ हुआ। इसके बाद महिलाओं के लिए नृत्य, हेयर स्टाइल, क्विज, कजरी गीत सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में प्रथम 15 विजेताओं को सम्मानित किया गया।

नृत्य प्रतियोगिता में शिवानी केसरवानी, हेयर स्टाइल में श्वेता पांडेय, क्विज प्रतियोगिता में प्रतिमा भारद्वाज तथा कजरी गीत में मृणाली मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

 

अनामिका चौधरी, पूर्व उपमहापौर एवं प्रांत संयोजक, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (भारत सरकार) ने सभी प्रतिभागियों, विजेताओं एवं संयोजकों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा उपहार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि तीज-त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की पहचान हैं। ऐसे आयोजन महिलाओं को आपस में जोड़ने के साथ-साथ अपनी लोक संस्कृति को जीवंत रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

इस अवसर पर पूर्व महापौर प्रयागराज अभिलाषा गुप्ता नंदी, पूर्व प्रदेश मंत्री भाजपा उत्तर प्रदेश एवं चंदौली जिला प्रभारी अनामिका चौधरी तथा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री कविता यादव त्रिपाठी को पदाधिकारियों की ओर से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने कजरी गीतों, माता पार्वती एवं भगवान शिव से जुड़े भजनों और लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण उत्साह, उमंग और भक्ति से सराबोर रहा।

कार्यक्रम की संयोजक एवं पदाधिकारियों छाया पांडेय, रोशनी अग्रवाल, अनुराधा त्रिपाठी, नीतू सिन्हा, नेहा शर्मा, कृतिका सिंह, श्वेता तिवारी सहित अन्य सामाजिक महिलाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और सभी अतिथियों व प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें