मैनपुरी में यातायात नियम तोड़ने वालों पर चला पुलिस का चाबुक, 10 चालान और पांच वाहन सीज
संवाददाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सोमवार, 24 अगस्त को यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के निर्देशन में जिले के विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान अपर पुलिस अधीक्षक नगर/यातायात अरुण कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक यातायात दीपशिखा सिंह, एआरटीओ सिद्धार्थ यादव और यातायात प्रभारी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। यातायात पुलिस टीम ने प्रमुख मार्गों और चौराहों पर वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज और यातायात नियमों के पालन की जांच की।
चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के कुल 10 चालान किए गए। इन चालानों के माध्यम से दो लाख दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा यातायात नियमों का गंभीर रूप से उल्लंघन करने वाली पांच गाड़ियों को सीज कर दिया गया।
पुलिस टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर बाइक चलाने, कार में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सड़क पर सुरक्षित तरीके से वाहन संचालित करने की अपील की गई।
यातायात अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना पुलिस की प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें।












