पशुशाला की कच्ची दीवार गिरने से छह वर्षीय बालिका की मौत
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
कुंडा/प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र के चम्पतपुर गांव में मंगलवार को दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय बालिका की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम छा गया।
गांव निवासी राकेश पाल की छह वर्षीय पुत्री सेजल पाल लघुशंका के लिए घर से बाहर गई थी। बताया जाता है कि वापस लौटते समय अचानक पशुशाला की कच्ची दीवार भरभराकर उसके ऊपर गिर गई। मलबे में दबकर बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे की जानकारी होते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में मलबा हटाकर बालिका को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।












