सीतापुरबारिश, हादसे और भू-माफियाओं का कहर—एक नजर में 10 बड़ी खबरें
1. पहली तेज बारिश में ही गिरा निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवन
गोंदलामऊ विकासखंड की ग्राम पंचायत आमाघाट में निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवन
पहली तेज बारिश में ही धराशायी हो गया। भवन के निर्माण की गुणवत्ता को लेकर
गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
2. कच्ची दीवार गिरने से वृद्ध की मौत
महमूदाबाद के आलमपुर में कच्ची दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया।
मलबे में दबकर एक वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में
कोहराम मच गया।
3. डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, जीजा-साले की मौत
अटरिया से लखनऊ जाते समय खरझा के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर
डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल ले जाते समय दीपक ने दम तोड़ दिया, जबकि लखनऊ में इलाज के दौरान
कुलदीप की भी मौत हो गई।
4. 24 घंटे बाद नदी से निकाला गया रवि का शव
शनिवार को नहाने के लिए पिराई नदी में गया रवि डूब गया था। करीब 24 घंटे
बाद उसका शव नदी से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में
कोहराम मच गया।
5. डीएम के कड़े रुख के बाद भी नहीं सुधर रहे भू-माफिया!
सीतापुर शहर के गुरुद्वारा रोड स्थित नजूल जमीन के फर्जीवाड़े का मामला
सामने आया है। आरोप है कि छैल बिहारी ट्रस्ट के नाम पर कूटरचित दस्तावेज
तैयार कर कीमती जायदाद बेच दी गई। पीड़ित की तहरीर पर लखनऊ के हुसैनगंज
थाने में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
6. लगातार बारिश से केवानी नदी उफान पर
लगातार हो रही बारिश से केवानी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
बिसवां तहसील के तराई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
तराई और गांजर क्षेत्र के दर्जनों गांवों में दहशत का माहौल है।
7. ‘हर वक्त देश के उत्थान के बारे में सोचते हैं पीएम मोदी’ — अचिन मेहरोत्रा
भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने कार्यकर्ताओं के साथ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 137वीं कड़ी सुनी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हर वक्त देश के उत्थान के बारे में
सोचते हैं।
8. नकली यूरिया की 55 बोतलें बरामद, एक के खिलाफ मुकदमा
अटरिया पुलिस ने रेदासपुर स्थित एक दुकान पर छापेमारी कर नकली यूरिया की
55 बोतलें बरामद कीं। मामले में एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
9. खाना बनाते समय घर में लगी आग, भाई-बहन झुलसे
थाना रेउसा क्षेत्र के कुसमौरा बाजार में खाना बनाते समय घर में अचानक
आग लग गई। हादसे में भाई-बहन झुलस गए। घटना के बाद मौके पर
अफरा-तफरी मच गई।
10. सिलेंडर बेचने जा रहे नाबालिग को पुलिस ने पकड़ा
पुलिस ने सिलेंडर बेचने जा रहे एक नाबालिग को पकड़ लिया। बताया जा रहा है
कि नाबालिग इससे पहले दुर्गा मंदिर के दानपात्र में रखे रुपये भी चोरी
कर चुका है।












