प्रतापगढ़ पट्टी कोतवाली के बाथरूम में 22 वर्षीय युवक की मौत, मचा हड़कंप
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़। पट्टी। पट्टी कोतवाली परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 22 वर्षीय युवक अर्जुन की बाथरूम में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने फंदा लगाकर जान दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि पुलिस एक युवती को बरामद कर कोतवाली लाई थी। इसी दौरान उसका कथित प्रेमी अर्जुन भी कोतवाली पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, युवती के बयान के आधार पर मामले में पहले भी मुकदमा दर्ज हुआ था। दूसरी बार एफआईआर दर्ज होने से युवक कथित तौर पर नाराज था।
इसी बीच अर्जुन बाथरूम जाने की बात कहकर अंदर गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर पुलिसकर्मियों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। अंदर युवक मृत अवस्था में मिला।
सूचना मिलते ही एसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और कोतवाली परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों को खंगाला जा रहा है।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।












