मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी का शुभारम्भ, गाजियाबाद में हुआ लाइव प्रसारण
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर

6 लाख रुपये तक के दीर्घकालीन ऋण से किसानों को मिलेगा लाभ, प्रगतिशील कृषकों का हुआ सम्मान,गाजियाबाद।दिनांक: 23 सितम्बर 2026 “मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी” का शुभारम्भ मा० मुख्यमंत्री महोदय, उ०प्र० सरकार द्वारा किया गया, जिसका लाइव प्रसारण कार्यक्रम जिला सहकारी बैंक लि० गाजियाबाद के सभागार में किया गया।
कार्यक्रम में कृषक बंधुओं को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। योजना के अंतर्गत पात्र लघु एवं सीमांत कृषकों तथा पूर्व से ऋणी सदस्यों, जिनकी ऋण अदायगी नियमित है, को उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से 6 लाख रूपये तक का दीर्घकालीन ऋण 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। योजना का उद्देश्य कृषकों को कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों के लिए आवश्यक दीर्घकालीन वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराना है, जिससे कृषि क्षेत्र में निवेश, उत्पादकता तथा कृषक आय से संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
कृषकों को सलाह दी गई कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए वे अपने निकटतम संबंधित सहकारी बैंक अथवा उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की शाखा से संपर्क कर पात्रता, ऋण सीमा, आवश्यक अभिलेख एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करते हुए नियमानुसार आवेदन करें।
कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए कई प्रगतिशील कृषकों को उनके उत्कृष्ट कृषि कार्य, कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान एवं अन्य कृषक हितैषी गतिविधियों के लिए शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा प्रगतिशील कृषकों का सम्मान करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की गई तथा अन्य कृषकों को भी आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि विविधीकरण एवं कृषि आधारित गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भारत टैक्सी की सहकारी परिवहन व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि भारत टैक्सी के माध्यम से सहकारी मॉडल पर परिवहन सेवाओं को प्रदेश में विस्तार दिए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
इसका उद्देश्य सहकारी व्यवस्था के माध्यम से वाहन चालकों को जोड़ते हुए यात्रियों को परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराना है। भारत टैक्सी के माध्यम से सहकारी मॉडल पर परिवहन सेवाओं को प्रदेश में विस्तार दिए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सहकारी व्यवस्था के माध्यम से वाहन चालकों को जोड़ते हुए यात्रियों को परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में श्री संदीप सिंह (सचिव/ मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिला सहकारी बैंक लि० गाजियाबाद), भूमि विकास बैंक के क्षेत्रीय प्रबन्धक श्री संजय पाण्डेय, शाखा प्रबन्धक श्री अविनाश कुमार, श्री प्रदीप शर्मा, समस्त अपर जिला सहकारी अधिकारी, समस्त सहायक विकास अधिकारी (सह०), समस्त समितियों के सचिव तथा लगभग 250 से अधिक कृषकों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि श्री कृष्ण वीर सिंह, अध्यक्ष, जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, गाजियाबाद द्वारा उपस्थित सभी कृषक बंधुओं, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों तथा सम्मानित अतिथियों के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया। उन्होंने कृषक बंधुओं से सहकारी समितियों एवं सहकारी बैंकों से जुड़कर शासन द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकाधिक लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान भूमि विकास बैंक गाजियाबाद के विशिष्ट कृषक श्री दिनेश त्यागी (ग्राम बहादुरपुर), श्री जय प्रकाश शर्मा, श्री जयवन्त उपाध्याय, श्री नीरज त्यागी (निवासीगण, सिकरी कला), श्री सुरेश चंद (बहादुरपुर लोनी) एवं श्री नरेन्द्र त्यागी (ग्राम-मझोला) को अंग वस्त्र से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री कृष्ण वीर सिंह (सभापति / अध्यक्ष-जिला सहकारी बैंक लि० गाजियाबाद), विशिष्ट अतिथि श्री रामकुमार त्यागी (शाखा अध्यक्ष, भूमि विकास बैंक, गाजियाबाद) एवं श्री अशोक कुमार (शाखा अध्यक्ष, भूमि विकास बैंक, मोदीनगर), श्री मनवीर सिंह (अध्यक्ष / सभापति, केन्द्रीय उपभोक्ता भण्डार गाजियाबाद) रहे।











