निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी मेंघा रूपम की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर



गौतमबुद्धनगर 22 सितंबर, 2026 जिलाधिकारी मेंघा रूपम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत गठित जनपद स्तरीय टास्क फोर्स एवं जिला अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी मेंघा रूपम ने परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मूलभूत सुविधाओं तथा कायाकल्प योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने निपुण भारत मिशन के अंतर्गत जनपद में अब तक किए गए कार्यों एवं प्रगति की विस्तृत जानकारी से जिलाधिकारी मेंघा रूपम को अवगत कराया
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि शिक्षा विभाग अन्य संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए जनपद के सभी विद्यालयों में कायाकल्प से संबंधित कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए। साथ ही, विद्यालयों में चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला टास्क फोर्स द्वारा विद्यालयों का निरीक्षण निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता एवं उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया जाए।
जिलाधिकारी ने विद्यालयों में मिड-डे मील की गुणवत्ता, स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छ, सुरक्षित एवं सम्मानजनक शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल, यमुना प्राधिकरण एवं नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के संबंधित अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। गौतमबुद्धनगर।












