प्रतापगढ़ रेलवे सुविधाओं को लेकर कांग्रेस ने उठाई आवाज
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन और आसपास की रेल सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने रेल मंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर कई मांगें उठाईं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने अपर मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ के माध्यम से ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में जेल रोड रेलवे फाटक 82-A पर अंडरपास, दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों की सुविधा के लिए रैंप पुल दोबारा बनाने, कोविड काल में बंद हुई पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शुरू करने और स्टेशन की नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की गई।
डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि जेल रोड फाटक बंद होने पर लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे आम यात्रियों के साथ मरीजों को भी परेशानी होती है। उन्होंने यहां अंडरपास बनाए जाने की जरूरत बताई।
उन्होंने कहा कि पहले प्लेटफॉर्म पर रैंप पुल की सुविधा थी, जिससे दिव्यांग और बुजुर्ग यात्री आसानी से आवागमन कर लेते थे। रैंप पुल हटाकर केवल फुट ओवरब्रिज किए जाने से इन यात्रियों को परेशानी हो रही है। कांग्रेस ने रैंप पुल फिर से बनाने की मांग की।
ज्ञापन में स्टेशन की नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य तेज कराने और बंद पैसेंजर ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।












