पैतृक संपत्ति को लेकर भाइयों में विवाद, बड़े भाई पर हिस्सेदारी हड़पने और खेत बेचने का आरोप
संवादाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। शहर के गोला बाजार निवासी दो भाइयों ने अपने ही बड़े भाई पर पैतृक संपत्ति में उनके हिस्से पर कथित रूप से कब्जा करने और खेत का हिस्सा चुपचाप बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित भाइयों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
गोला बाजार निवासी मनोज कुमार और प्रमोद कुमार पुत्र स्व. अशर्फी लाल ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके बड़े भाई रावेन्द्र बाबू पाल पर आरोप है कि दोनों भाइयों के बाहर रहने का फायदा उठाकर उन्होंने पैतृक संपत्ति और प्लॉट पर कथित रूप से कब्जा कर लिया।
पीड़ितों का आरोप है कि पैतृक संपत्ति में उनका भी वैध हिस्सा है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उनके हिस्से का कब्जा नहीं दिया जा रहा है। आरोप यह भी है कि बड़े भाई द्वारा खेत के हिस्से को चुपचाप बेचे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। इससे पीड़ित भाइयों को अपनी पैतृक संपत्ति के हाथ से निकल जाने की आशंका है।
मनोज कुमार और प्रमोद कुमार का कहना है कि फर्द और कुटुंब रजिस्टर समेत संबंधित अभिलेखों में भी उनके नाम दर्ज नहीं कराए गए हैं, जिसके चलते उन्हें संपत्ति संबंधी अधिकारों को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित भाइयों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पैतृक संपत्ति से संबंधित अभिलेखों की जांच कराने, खेत की कथित बिक्री पर तत्काल रोक लगाने तथा उनके हिस्से की संपत्ति का कब्जा दिलाने की मांग की है। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही मामले में संपत्ति के वास्तविक अधिकार और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












