कासगंज में SPG टीम भंग, 8 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर — रिश्वत मामले में बड़ी कार्रवाई
मंडल ब्यूरो अमित चौहान कासगंज। जिले में पुलिस की छवि को धूमिल करने वाले एक बड़े भ्रष्टाचार प्रकरण में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष पुलिस समूह (SPG) टीम को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। इस कार्रवाई के तहत 8 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
मामला व्यापारी अजय कुमार वर्मा से जुड़ा है, जिसे छोड़ने के एवज में 3 लाख रुपये की रिश्वत लेने की शिकायत एसपी को प्राप्त हुई थी। एसपी ने इस गंभीर आरोप की गोपनीय जांच कराई, जिसमें पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जांच रिपोर्ट में आरोप सही साबित होने पर यह कार्रवाई की गई।
इससे पहले ही पटियाली प्रभारी रामवकील, एसओजी प्रभारी विनय शर्मा, तथा दो कस्टेबल पवन और सोबरन सिंह को निलंबित किया जा चुका है। शेष संबंधित पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचार और अवैध वसूली किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि जनविश्वास बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग में अनुशासन और ईमानदारी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी, और दोषी पाए जाने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय लोगों ने एसपी की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे पुलिस विभाग में पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही और मजबूत हो गई है.
ये भी पढ़ें एटा: NH-91 पर रोडवेज बस की टक्कर से चार लोग गंभीर घायल













