16 नवंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, जनगणना के लिए जुटाएंगे परिवारों का विवरण
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
बाबागंज (प्रतापगढ़)। जनगणना की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। आगामी 16 नवंबर से जनगणना के दूसरे चरण के तहत प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों का विवरण एकत्र करेंगे। इसको लेकर विकास खंड स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
खंड विकास अधिकारी बाबागंज मिर्जा इरफान बेग ने बताया कि जनगणना कार्य में लगाए गए कर्मचारी घर-घर जाकर परिवारों से आवश्यक जानकारियां जुटाएंगे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य में सहयोग करें, ताकि आगामी एक दिसंबर से शुरू होने वाली प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके।
उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य को व्यवस्थित और त्रुटिरहित बनाने के लिए कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके तहत पंचायत सहायकों, रोजगार सेवकों सहित अन्य संबंधित कर्मचारियों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार विवरण दर्ज करने की जानकारी दी जा रही है।
इस मौके पर एडीओ पंचायत केवला प्रसाद, संदीप कुमार, लेखाकार रामजन्म राम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।











