मैनपुरी की नर्सिंग छात्रा प्रीति की मौत का खुलासा, प्रेमी अमन गिरफ्तार; रेलवे ट्रैक पर मिला था शव

मैनपुरी की नर्सिंग छात्रा प्रीति की मौत का खुलासा, प्रेमी अमन गिरफ्तार; रेलवे ट्रैक पर मिला था शव

संवाददाता :पंकज मिश्रा मैनपुरी/फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के मटसेना थाना क्षेत्र में नर्सिंग छात्रा प्रीति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी दतावली अंडरपास के पास से की गई। उसके कब्जे से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बीते 27 अक्टूबर को नर्सिंग छात्रा प्रीति का शव रेलवे ट्रैक पर मिला था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। छात्रा की मौत को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, मामले की गहन विवेचना, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य प्रमाणों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध पाए जाने पर संबंधित धाराओं में बदलाव किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करीब 23 वर्षीय अमन निवासी शेख की सराय, थाना सिरसागंज के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। छात्रा की मौत के मामले में पुलिस की विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें