कुंडा में अधिवक्ताओं का आक्रोश, 100-150 वकीलों पर दर्ज मुकदमे के विरोध में SDM और CO को सौंपा ज्ञापन
मृतक अधिवक्ता आशिक अली के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग, सिविल बार एसोसिएशन ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की उठाई आवाज
संवाददाता अखिल तिवारी कुंडा, प्रतापगढ़। मृतक अधिवक्ता साथी आशिक अली के परिजनों को न्याय दिलाने और मुकदमा अपराध संख्या 416/26 में करीब 100 से 150 अधिवक्ताओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में सिविल बार एसोसिएशन कुंडा ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
बुधवार को सिविल बार एसोसिएशन कुंडा के पदाधिकारियों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी (SDM) एवं क्षेत्राधिकारी (CO) को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने और न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
अधिवक्ता संघ का कहना है कि दिवंगत अधिवक्ता आशिक अली के परिजनों को न्याय मिलना चाहिए। वहीं, एक ही प्रकरण में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने को लेकर अधिवक्ता समुदाय में नाराजगी व्याप्त है।
ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने तथा किसी के साथ अन्याय न होने देने की मांग उठाई। इस दौरान अधिवक्ताओं ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए अपने दिवंगत साथी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
अब इस मामले में प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर अधिवक्ता समुदाय सहित क्षेत्र के लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।












