पटाखों पर CM योगी का बड़ा बयान, बोले- एक दिन पटाखे फोड़ने से प्रदूषण हुआ तो कम भी हो जाएगा

पटाखों पर CM योगी का बड़ा बयान, बोले- एक दिन पटाखे फोड़ने से प्रदूषण हुआ तो कम भी हो जाएगा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वायु प्रदूषण को लेकर बढ़ती चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली पर पटाखे फोड़ने और आतिशबाजी का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि त्योहार मनाने पर प्रदूषण का मुद्दा उठाया जाता है, लेकिन भ्रष्टाचार के जरिए पूरे सिस्टम को प्रदूषित करने वालों पर कोई सवाल नहीं करता।

लखनऊ में 1,146 नव नियुक्त कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित करने और मुख्यमंत्री किसान दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यह बात कही।

सीएम योगी ने कहा कि जब लोग त्योहार मनाते हैं तो प्रदूषण की चर्चा शुरू हो जाती है। उन्होंने कहा, “अगर जनता ने एक दिन पटाखे फोड़े तो प्रदूषण हुआ, लेकिन वह भी कम हो जाएगा। कोई समस्या नहीं है। अच्छा है कि लोगों ने धूमधाम से दीपावली मनाई और पटाखे फोड़े।”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उनकी सरकार ने दीपावली पर पटाखों को लेकर कोई प्रतिबंध नहीं लगाने का फैसला किया था। उन्होंने यह भी बताया कि वह अयोध्या में आतिशबाजी के बीच मौजूद थे।

2017 से पहले की सरकारों पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में त्योहारों के दौरान अक्सर दंगों की स्थिति पैदा होती थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने का काम किया है।

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का किया दावा

सीएम योगी ने सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार और ‘मुन्ना भाई’ शैली के सिंडिकेट का जिक्र करते हुए कहा कि पहले योग्य युवाओं को उचित अवसर नहीं मिल पाते थे, जिसके चलते प्रदेश की प्रतिभाएं दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर होती थीं।

उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं को प्रदेश में ही निष्पक्ष तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया है।

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद पटाखों, वायु प्रदूषण और त्योहारों पर प्रतिबंध को लेकर राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज होने की संभावना है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें