प्रतापगढ़ में मदद बनी मुसीबत! इंजीनियर ने महिला और उसके सहयोगियों पर रंगदारी, ब्लैकमेलिंग व जान से मारने की धमकी का लगाया आरोप
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़।
विद्युत भंडार केंद्र चिलबिला में तैनात सहायक अभियंता जय प्रकाश ने कोतवाली नगर में शिकायत देकर एक महिला और उसके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि वर्ष 2023 से शुरू हुई मदद अब उनके लिए मुसीबत बन गई है और उन्हें लगातार धन उगाही, ब्लैकमेलिंग, सामाजिक छवि खराब करने तथा जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
शिकायत के मुताबिक, कु. आंचल कथित तौर पर सरकारी कार्यालय पहुंचकर अन्य लोगों से फोन पर बातचीत करती है। सहकर्मियों के अनुसार, फोन पर बातचीत के दौरान उसने धमकी दी कि यदि वह अपने धन उगाही के प्रयास में सफल नहीं हुई तो शिकायतकर्ता को बर्बाद कर देगी और जान से मरवा देगी। इंजीनियर का आरोप है कि महिला ने कुछ बाहरी लोगों को साथ लेकर उन्हें और उनके परिवार को डराने-धमकाने का प्रयास किया। फोन पर कॉल करके फर्जी मुकदमों में फंसाने, बर्बाद करने तथा बाहरी लोगों से गोली चलवाकर जान से मरवाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, धमकी भरे फोन कॉल के ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 से लखनऊ, अमरोहा, उन्नाव सहित विभिन्न स्थानों से प्रतापगढ़ तक कथित तौर पर धन उगाही, ब्लैकमेलिंग, सामाजिक छवि धूमिल करने और फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी का सिलसिला चल रहा है। शिकायत में महिला आंचल, उसके सहयोगियों तथा कथित रूप से इस कार्य में शामिल उसके माता-पिता दुर्गावती एवं गुलाबचंद सरोज, निवासी कटाहित खास, मछलीशहर, जौनपुर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
सहायक अभियंता ने पुलिस से अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। शिकायत पत्र दिनांक 23 नवंबर 2026 का बताया गया है।












