लखनऊ पुलिस महकमे में चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 56 इंस्पेक्टरों के तबादले
स्टेट ब्यूरो चीफ विष्णु रावत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात 56 निरीक्षकों (इंस्पेक्टरों) के स्थानांतरण का आदेश जारी किया है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से 25 नवंबर को जारी आदेश के तहत इन सभी 56 निरीक्षकों को गैर जनपदों और प्रदेश के अन्य पुलिस कमिश्नरेट में नई तैनाती दी गई है। इस फेरबदल के बाद लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात कई इंस्पेक्टरों की जिम्मेदारियां और तैनाती बदल जाएंगी।
जारी आदेश के अनुसार, स्थानांतरित किए गए निरीक्षकों को वाराणसी, प्रयागराज, गाजियाबाद, कानपुर और गौतमबुद्धनगर समेत प्रदेश के विभिन्न कमिश्नरेट एवं जनपदों में भेजा गया है।
आगामी विधानसभा चुनाव-2027 के मद्देनजर पुलिस विभाग में किए जा रहे इस बदलाव को प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। संबंधित अधिकारियों को नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
56 इंस्पेक्टरों के एक साथ हुए इस बड़े तबादले से लखनऊ पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।











