मजदूरों के हक पर डाका डालने वाली फैक्ट्रियों की अब खैर नहीं, निरीक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ।
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत हरियाणा
पानीपत, 26 नवंबर। जिला सचिवालय के सभागार में वीरवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर विभागीय कार्यों की समीक्षा की और औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी मजदूर की मेहनत की कमाई को डूबने नहीं दिया जाएगा। प्रत्येक श्रमिक को उसकी पूरी मजदूरी और सरकार द्वारा निर्धारित सुविधाएं दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। श्रमिकों के अधिकारों का हनन करने वाले औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।बैठक में उपायुक्त ने औद्योगिक इकाइयों में पिछले दिनों घटित दुर्घटनाओं और श्रमिकों की सुरक्षा से जुड़े मामलों पर श्रम विभाग की कार्रवाई की जानकारी ली। उपायुक्त ने अधिकारियों से पूछा कि इन घटनाओं के बाद विभाग ने कितनी फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया, कहां-कहां कमियां मिलीं और नियमों की अवहेलना करने वाले कितने प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि अब तक किए गए सभी निरीक्षणों और कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करके प्रस्तुत की जाए। केवल कागजी कार्रवाई से काम नहीं चलेगा, बल्कि धरातल पर परिणाम दिखाई देने चाहिए
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण करते समय किसी प्रकार के दबाव या डर में आने की जरूरत नहीं है। अधिकारी बेखौफ होकर फैक्ट्रियों का निरीक्षण करें और जहां भी श्रमिकों के अधिकारों का उल्लंघन या सुरक्षा मानकों में कमी मिले, वहां नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। पूरा जिला प्रशासन उनके साथ खड़ा है। किसी भी अधिकारी को अपना दायित्व निभाने में परेशानी आती है तो प्रशासन उसका पूरा सहयोग करेगा। उपायुक्त ने कहा कि उद्योगों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
उपायुक्त ने बताया कि श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए हरियाणा लेबर पोर्टल (एचआरवाईलेबरडॉटजीओवीडाूटइन) पर शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है। जिन मजदूरों को वेतन या न्यूनतम मजदूरी नहीं मिल रही, जिनका बोनस बकाया है, जिन्हें छुट्टी के अधिकार से वंचित रखा गया है अथवा जिन्हें नौकरी से हटाया गया है, वे अपनी शिकायत पोर्टल पर दर्ज करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त किसी औद्योगिक दुर्घटना में मजदूर की मृत्यु होने पर उसके परिजन भी संबंधित शिकायत दर्ज करवा सकते हैं, ताकि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा सके और पीडि़त परिवार को नियमानुसार मिलने वाले लाभ दिलाए जा सकें।उपायुक्त डॉ. हरीश ने श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे श्रमिकों के बीच जाकर उन्हें उनके अधिकारों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें। शिकायत मिलने पर उसका समयबद्ध निपटान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मजदूर को अपने अधिकार के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उसकी समस्या के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य करे। उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने दोहराया कि औद्योगिक विकास के साथ श्रमिकों का हित और सुरक्षा भी सर्वोपरि है। प्रशासन का उद्देश्य केवल औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक मजदूर को सुरक्षित कार्यस्थल, उचित वेतन और सम्मानजनक व्यवहार मिले। श्रमिकों के शोषण और अधिकारों के उल्लंघन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर विभिन्न विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।










