श्रीमती रितु रिणवा ने युवाओं को मतदान के महत्व से कराया अवगत, एक-एक वोट को बताया महत्वपूर्ण,लोकतंत्र में अपने मताधिकार का प्रयोग करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी : श्रीमती रितु रिणवा

श्रीमती रितु रिणवा ने युवाओं को मतदान के महत्व से कराया अवगत, एक-एक वोट को बताया महत्वपूर्ण,लोकतंत्र में अपने मताधिकार का प्रयोग करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी : श्रीमती रितु रिणवा

पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ऑल एनसीआर

(महिलाओं एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी से मजबूत होगा लोकतंत्र : श्रीमती कविता मीना,जिलाधिकारी ने जनपद वासियों से ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड कर मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील की, नाम न होने पर भरें फार्म-6,)

गाजियाबाद।दिनांक: 26/11/2026 विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के अंतर्गत मतदाता जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने तथा लोकतंत्र में महिलाओं एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आईटीएस कॉलेज, मोहन नगर, गाजियाबाद में एक विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्रीमती रितु रिणवा महोदया ने जनपद की प्रतिष्ठित महिलाएं, प्रबुद्ध नागरिक, एनजीओ, शिक्षाविद्, विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की प्रधानाचार्या, शिक्षिकाएं तथा युवा एवं प्रथम बार मतदाता बनने वाले नागरिकों को संबोधित किया।

श्रीमती रितु रिणवा महोदया, श्रीमती कविता मीना, जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ का श्री अर्पित चड्ढ़ा चैयरमैन आईटीएस ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया, जिला प्रशासन के ओर से डीडीओ श्रीमती प्रज्ञा श्रीवास्तवा एवं एसडीएम मोदीनगर श्रीमती कोमल पंवार द्वारा अतिथियों को पुष्पगुच्छ, शॉल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मानित किया गया। इससे पूर्व श्रीमती रितु रिणवा महोदया सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा द्वीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ किया गया। सरस्वती वंदना के साथ ठाकुरद्वारा की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को मन मोहा वहीं दा रॉयल कॉलेज के विद्यार्थियों ने मतदान जागरूकता को लेकर नुक्कड़ नाटक की सुन्दर प्रस्तुति दी।

(मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं एवं युवा मतदाताओं की सहभागिता पर दिया गया जोर) कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्रीमती रितु रिणवा ने सर्वप्रथम कार्यक्रम के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की और सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाऐं दी। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित महिला अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों का धन्यवाद किया। साथ ही कार्यक्रम के आयोजन के लिए स्थान उपलब्ध कराने तथा जिला प्रशासन की ओर से मिले सहयोग की सराहना की।

(ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड कर उसका उपयोग करना प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी : श्रीमती रितु रिणवा) उन्होने अपने संबोधन में ईसीआई नेट ऐप के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि केवल निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त कर लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस जानकारी को अपने मोबाइल फोन में व्यवहार में लाना भी जरूरी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से पूछा कि क्या उनके मोबाइल फोन में ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड है।

उन्होंने स्वयं अपने मोबाइल फोन में ऐप दिखाते हुए कहा कि उन्होंने इसे डाउनलोड कर रखा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि उनके पति ने भी उनसे पूछा था कि क्या उनके मोबाइल फोन में ईसीआई नेट ऐप उपलब्ध है। इस पर उन्होंने तत्काल ऐप डाउनलोड करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार बीएलओ द्वारा दी गई जानकारी और प्रशिक्षण तभी सार्थक होगा, जब लोग उसे अपने व्यवहार में अपनाएंगे।उन्होंने कहा कि अक्सर लोग सोचते हैं कि यदि एक व्यक्ति ने ऐप डाउनलोड नहीं किया तो क्या फर्क पड़ता है, लेकिन वास्तव में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता महत्वपूर्ण है। हर मतदाता का योगदान मायने रखता है।

(मतदान का अधिकार सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक अधिकार) श्रीमती रितु रिणवा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान द्वारा नागरिकों को अनेक अधिकार प्रदान किए गए हैं, लेकिन 18 वर्ष की आयु पूरी होते ही युवाओं को मतदान जैसा महत्वपूर्ण अधिकार मिल जाता है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की उम्र में युवा अपने करियर और भविष्य को लेकर अभी अपने माता-पिता पर काफी हद तक निर्भर होते हैं, लेकिन इसी उम्र में देश उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपने जनप्रतिनिधि का चयन करने का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं से इस अधिकार का महत्व समझने और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

(युवाओं को मतदान के महत्व से कराया अवगत, एक-एक वोट को बताया महत्वपूर्ण) श्रीमती रितु रिणवा ने कहा कि विवाह एवं चुनाव लड़ने की आयु अलग-अलग निर्धारित है, लेकिन युवाओं को 18 वर्ष की आयु में ही मतदान का अधिकार इसलिए दिया गया है, ताकि वे अपने भविष्य को प्रभावित करने वाली नीतियों और योजनाओं के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने कहा कि युवाओं को इसके लिए सबसे पहले अपना मतदाता पंजीकरण कराना चाहिए। दूसरों के बारे में चिंता करने से पहले यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि उनका अपना वोट बना हुआ है या नहीं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण है ।

और लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी मायने रखती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं अपना मतदाता पंजीकरण कराएं और अपने साथ अन्य लोगों को भी जोड़ें। यदि एक युवा चार अन्य लोगों को भी अपना वोट बनवाने के लिए प्रेरित करता है, तो यह लोकतंत्र में उसकी सक्रिय भागीदारी का महत्वपूर्ण उदाहरण होगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार युवाओं की जिम्मेदारी और सहभागिता दोनों बढ़ती हैं तथा उन्हें गर्व महसूस होना चाहिए कि उन्होंने अन्य लोगों को भी उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया है।

(लोकतंत्र में अपने मताधिकार का प्रयोग करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी : श्रीमती रितु रिणवा) श्रीमती रितु रिणवा ने कहा कि किसी भी अन्य अधिकार की मांग करने से पहले हमें संविधान द्वारा दिए गए अपने मौलिक अधिकारों और विशेष रूप से मतदान के अधिकार का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी आवाज उठाना और अपने अधिकारों के लिए आगे आना भी जरूरी है, लेकिन सबसे पहले हमें अपने उस अधिकार का उपयोग करना चाहिए, जो संविधान ने हमें प्रदान किया है।

उन्होंने परिवारों में प्रचलित इस सोच पर चिंता व्यक्त की कि एक व्यक्ति के वोट बनवाने या मतदान करने से क्या फर्क पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह सोच सही नहीं है। देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मतदाता का योगदान महत्वपूर्ण है। सरकार के गठन और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक वोट की भूमिका होती है। उन्होंने उपस्थित युवाओं एवं नागरिकों से अपील की कि वे यहां से जाने के बाद सबसे पहले अपना मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

(ईसीआई नेट ऐप से मात्र कुछ मिनटों में कराएं पंजीकरण : श्रीमती रितु रिणवा) उन्होंने ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बताते हुए कहा कि इसके लिए ऐप पर जाकर फॉर्म-6 खोलना होगा। इसके बाद अपना नाम, पता, संबंध संबंधी विवरण, फोटो एवं आवश्यक पते का प्रमाण अपलोड कर आवेदन जमा करना होगा। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया बेहद आसान है और इसमें लगभग 5 से 10 मिनट का समय लगता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे इस सरल प्रक्रिया का लाभ उठाएं और स्वयं के साथ-साथ अन्य पात्र नागरिकों का भी मतदाता पंजीकरण कराने में सहयोग करें।

(महिला मतदाताओं के पंजीकरण में अंतर कम करने पर दिया जोर) महिला मतदाताओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं मतदान करने में काफी आगे हैं, लेकिन मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के मामले में अभी भी पीछे हैं। इस दिशा में विशेष जागरूकता की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि शहरों में महिलाएं नौकरी, व्यवसाय और घरेलू जिम्मेदारियों का निर्वहन करती हैं, लेकिन इन व्यस्तताओं के बीच कई बार अपना मतदाता पंजीकरण कराना भूल जाती हैं। उन्होंने गाजियाबाद में पुरुष एवं महिला मतदाताओं के बीच लिंगानुपात के अंतर का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रति 1,000 पुरुष मतदाताओं के सापेक्ष लगभग 922 पुरुष एवं 840 महिला मतदाताओं का अनुपात बताया गया, जिससे करीब 82 का अंतर सामने आता है। उन्होंने कहा कि पुरुष एवं महिला मतदाताओं के बीच इस अंतर को जितना कम किया जाएगा, मतदान प्रतिशत बढ़ाने में उतनी ही मदद मिलेगी। महिलाएं मतदान के प्रति जागरूक हैं और बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचती हैं। इसलिए आवश्यक है कि अधिक से अधिक पात्र महिलाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुविधाओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि वे सहजता से अपना मतदाता पंजीकरण करा सकें और मतदान में भागीदारी निभा सकें। (नये मतदाता बनतें है तो कार्यक्रम की सार्थकता सिद्ध होगी : श्रीमती रितु रिणवा) श्रीमती रितु रिणवा ने कहा कि वह चाहेंगी कि कार्यक्रम में उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति यहां से जाने के बाद कम से कम एक अन्य पात्र नागरिक को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करें। यदि इस कार्यक्रम से प्रेरित होकर जो नये वोट बनते है तो वह अपने यहां आने को उतना ही सार्थक मानेंगी। उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति को भी जागरूक करना लोकतंत्र में महत्वपूर्ण योगदान है।उन्होंने कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया है। ऐसे आयोजनों से अन्य लोगों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए।

(महिलाओं एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी से मजबूत होगा लोकतंत्र : श्रीमती कविता मीना) श्रीमती कविता मीना ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र को और अधिक सशक्त एवं समावेशी बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की मतदान प्रक्रिया में भागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक जागरूक नागरिक ही मजबूत लोकतंत्र की नींव होता है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं एवं युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे मतदाता जागरूकता के इस संदेश को अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक अपने मताधिकार के प्रति जागरूक हों और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। इस अवसर पर उन्होंने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित कर सम्मान देने के लिए वह हृदय से धन्यवाद देती हैं।

(जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड कर मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील की, नाम न होने पर भरें फार्म-6) जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मांदड़ ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड कर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह फार्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया पूर्ण करें,।जिला अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करें, ताकि आगामी निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

माननीय मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप जी ने गाजियाबाद में की मंडलीय विभागीय समीक्षा बैठक,3 दिसंबर विश्व दिव्यांगता दिवस पर सभी जनपदों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करने के निर्देश

संविधान दिवस के अवसर पर आज पुलिस मुख्यालय, कमिश्नरेट गाजियाबाद में श्रीमान पुलिस आयुक्त महोदय जे० रविन्द्र गौड़ द्वारा, गा०बाद समस्त पुलिस को संविधान की प्रस्तावना के प्रति निष्ठा एवं संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण एवं पालन की शपथ दिलाई गई