प्रतापगढ़ एक ही दिन में ससुर और बहू की मौत से परिवार में मचा कोहराम, विद्यालय परिवार में शोक की लहर
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
रामगंज में शुक्रवार को एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। महज दो-तीन घंटे के अंतराल में ससुर और बहू की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं विद्यालय परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, श्याम शंकर इंटर कॉलेज रामगंज में परिचारक के पद पर कार्यरत रामजी मौर्य के पिता शीतला प्रसाद मौर्य शुक्रवार को अचानक हृदय गति रुकने से चल बसे। शीतला प्रसाद मौर्य इसी विद्यालय से परिचारक पद पर सेवानिवृत्त हुए थे। परिवार अभी पिता की मौत के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि कुछ ही घंटे बाद रामजी मौर्य की पत्नी आरती देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए सुल्तानपुर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने हार्ट अटैक से उनकी मौत की पुष्टि की। एक ही दिन में परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।











