मधुमक्खियों के झुंड ने महिला पर किया हमला, अस्पताल में उपचार के दौरान मौत; भैंस खोलने गई थीं सुनीता
संवाददाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी। भोगांव थाना क्षेत्र में मधुमक्खियों के हमले से गंभीर रूप से घायल एक महिला की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मधुमक्खियों के झुंड ने महिला को बुरी तरह काट लिया था, जिससे उनका शरीर सूज गया और हालत लगातार बिगड़ती चली गई। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मूल रूप से गिगौरा गांव निवासी 45 वर्षीय सुनीता पाल पत्नी रजनीश पाल भोगांव थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास रहती थीं। शुक्रवार शाम करीब छह बजे वह घर के पास खूंटे से अपनी भैंस खोलने गई थीं। इसी दौरान पास के पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक झुंड निकल आया और महिला पर हमला कर दिया।
मधुमक्खियों के लगातार काटने से सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें मधुमक्खियों के झुंड से बचाया। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए भोगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।












