गऊ ग्राम परखम में गौ-संवर्धन, आयुर्वेद और वैज्ञानिक अनुसंधान के नए युग का सूत्रपात
रिपोर्ट जय भगवान बघेल
मथुरा उत्तर प्रदेश
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न प्रकल्पों का किया लोकार्पण, शिलान्यास एवं पुस्तकों का विमोचन
मथुरा। ब्रजभूमि के गऊ ग्राम परखम में गौ-संवर्धन, आयुर्वेद, वैज्ञानिक अनुसंधान एवं शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल का शुभारंभ हुआ। फरह स्थित दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के तत्वावधान में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, गऊ ग्राम परखम में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न प्रकल्पों का लोकार्पण, शिलान्यास एवं पुस्तकों का विमोचन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज एवं श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज द्वारा विधि-विधान से गौ-पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन हुआ। समारोह स्थल वंदे मातरम् के सामूहिक गान से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर अतिथियों ने पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का विमोचन किया। वहीं अनुवादात्मक चिकित्सा में आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र तथा श्री नन्दीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद कॉलेज एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सालय महाविद्यालय तथा दो बीएचके आवासीय परिसर का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में एस.पी. सिंह बघेल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की भी उपस्थिति रही। समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह मंच ज्ञान, भक्ति और कर्म का त्रिवेणी संगम है। उन्होंने ब्रजभूमि, भगवान श्रीकृष्ण और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि छोटे किसानों की खेती को लाभकारी बनाने के लिए कृषि लागत कम करना और उत्पादन बढ़ाना आवश्यक है। इसमें गो-आधारित प्राकृतिक खेती और पशुपालन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।उन्होंने गऊ ग्राम में स्थापित प्रयोगशाला की सराहना करते हुए कहा कि यहां पंचगव्य के लाभों को वैज्ञानिक आधार पर प्रमाणित करने तथा वनस्पतियों के माध्यम से गौवंश के लिए पौष्टिक आहार तैयार करने पर अनुसंधान किया जा रहा है। इससे गौवंश के स्वास्थ्य में सुधार के साथ पंचगव्य उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने ब्रजवासियों एवं किसानों से घर-घर गोपालन, प्राकृतिक खेती अपनाने और गांवों को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया।उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवभूमि उत्तराखंड की ओर से संतों एवं उपस्थित जनसमुदाय का अभिनंदन करते हुए कहा कि गौमाता का संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से भी जुड़ा हुआ है। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति गौ-संरक्षण को आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़कर महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने ब्रजभूमि और मां यमुना के आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए उत्तराखंड के हरिपुर, कालसी स्थित यमुना तट पर नवनिर्मित भव्य घाट के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को आमंत्रित भी किया।समारोह में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, किसानों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों की सहभागिता रही। गऊ ग्राम परखम में स्थापित एवं प्रस्तावित प्रकल्पों को गौ-संरक्षण, पशु चिकित्सा, आयुर्वेद और वैज्ञानिक अनुसंधान को नई दिशा देने की पहल के रूप में देखा जा रहा है











