लोन के नाम पर बैंककर्मी ने किया फ्रॉड !
पुलिसकर्मी पत्नी के एकाउंट में भेजे एक लाख रूपये
संविदा कर्मचारी पर 1.5 लाख हड़पने का आरोप
अमौली, फतेहपुर । कस्बे के बैंक ऑफ बड़ौदा में लोन दिलाने के नाम पर बड़ा फ्रॉड सामने आया है। चांदपुर थाना क्षेत्र के सैंठी गांव निवासी आदित्य कुमार पुत्र बाल्मीकि ने बैंक में तैनात संविदा कर्मचारी धीरेन्द्र पटेल पर जालसाजी का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार धीरेन्द्र ने एक भैंस खरीदने के लिए लोन पास कराने का जिम्मा लिया था और सभी जरूरी कागजात बैंक में जमा करवाए गए थे। कुछ दिन बाद उसने फाइल रिजेक्ट होने की जानकारी दी, जिस पर खाताधारक ने मामला खत्म समझ लिया। लेकिन कुछ समय बाद आदित्य के खाते से अचानक पचास हजार रुपये कट गए। बैंक पहुंचने पर पता चला कि उनके नाम से पहले ही लोन पास हो चुका था और किस्त न जमा करने पर रकम काटी गई।
आश्चर्य की बात यह रही कि जांच में पता चला कि लोन की धनराशि धीरेन्द्र पटेल की पत्नी कोमल पटेल के खाते में ट्रांसफर की गई थी। कोमल वर्तमान में पुलिस विभाग में कांस्टेबल पद पर झांसी में तैनात हैं। पीड़ित ने इस पूरे प्रकरण की लिखित शिकायत अमौली चौकी में दी है और आरोपी संविदा कर्मचारी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ : कुएं में मिली किशोरी की लाश, पुलिस ने शुरू की जांच












