एटा में झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से युवक की मौत, परिजनों ने किया समझौता
संवादाता अमन अहमद। एटा जिले के जैथरा कस्बे में एक झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक दुर्गेश पुत्र हीरालाल बुखार से पीड़ित था। उसे पहले जैथरा सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
इलाज के दौरान मरीज के प्लेटलेट्स 27,000 तक गिर गए थे। इसी बीच झोलाछाप चिकित्सक सूरज चौहान ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि वह मरीज को ठीक कर देगा। बुधवार को परिजन दुर्गेश को वापस जैथरा ले आए, जहां डॉक्टर ने 4,000 रुपए लेकर उसे ड्रिप चढ़ाई। ड्रिप चढ़ाते ही दुर्गेश की मौत हो गई।

गुस्साए परिजन शव लेकर कोतवाली पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, हालांकि बाद में परिजनों ने आरोपी डॉक्टर से समझौता कर लिया और कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। फिलहाल झोलाछाप डॉक्टर फरार है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी रामसिंह ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है और झोलाछाप चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें वाराणसी: भाभी के प्रेमी की हत्या, एक साल बाद देवर और उसका दोस्त गिरफ्तार












