अनियंत्रित स्विफ्ट डिज़ायर पलटकर खड़े ट्रक में जा घुसी
एक की मौत, एक गंभीर घायल, फतेहपुर में दर्दनाक हादसा
संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य
बिंदकी, फतेहपुर । कल्यानपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हरियाणा होटल के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही स्विफ्ट डिज़ायर कार अनियंत्रित होकर पलटते हुए खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना जबरदस्त था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने 65 वर्षीय रामऔतार पुत्र जगन्नाथ निवासी मोती नगर, उन्नाव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अभिषेक सिंह (45 वर्ष), निवासी आवास विकास कॉलोनी, उन्नाव को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि दोनों व्यक्ति ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं और कानपुर से फतेहपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में कार का संतुलन बिगड़ने पर यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
ये भी पढेंडीएम ने खादी महोत्सव का किया शुभारंभ, खादी से बनी वस्तुओं पर मिलेगी तीस प्रतिशत की छूट












