त्योहारों पर शांति और सौहार्द के लिए डीएम-एसपी ने की बैठ
धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों से संवाद
संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर । आगामी त्योहारों धनतेरस, दीपावली और भैयादूज को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। डीएम रविन्द्र सिंह और एसपी अनूप कुमार सिंह ने शुक्रवार को गांधी सभागार में जनपदीय अधिकारियों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक कर त्योहारों को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की। बैठक में दोनों अधिकारियों ने कहा कि दीपावली के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ेगी, ऐसे में व्यवस्था बनाए रखना और अफवाहों से बचना सभी की जिम्मेदारी है। डीएम ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता रखी जाए और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या विवाद पर तुरंत कार्रवाई की जाए। एसपी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि पूरे जनपद में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और बाजारों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। उन्होंने धर्मगुरुओं से अपील की कि त्योहारों में सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। गोष्ठी में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, व्यापारी, समाजसेवी और अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने का संकल्प लिया।












