जनपद एटा में अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत, पति गंभीर रूप से घायल
संवाददाता योगेंद्र सिंह
एटा। जनपद के अलीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, इमादपुर निवासी जोगेंद्र सिंह अपनी पत्नी के साथ किसी कार्यवश ई-रिक्शा से जा रहे थे। जैसे ही उनका ई-रिक्शा हत्सारी गांव के पास पहुंचा, तभी पीछे से तेज रफ्तार आ रहे अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सड़क किनारे पलट गया और सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची अलीगंज थाना पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी अलीगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल जोगेंद्र सिंह का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। ग्रामीणों ने बताया कि हत्सारी मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन दौड़ते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर गति-रोधी अवरोधक लगाने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।












