यूपी में मौसम का मिजाज बदला, दिवाली के बाद हवा में बढ़ा जहर
लखनऊ। दैनिक चक्र संवाददाता
उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट बदल रहा है। बीते दो दिनों से राज्य के कई जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं दीपावली के बाद भारी आतिशबाजी ने प्रदेश के कई इलाकों की हवा को जहरीला बना दिया है। गाजियाबाद, नोएडा और लखनऊ में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में उछाल के चलते सुबह के समय धुंध छाने लगी है।
फिलहाल सभी जिले ग्रीन जोन में
मौसम विभाग के मुताबिक यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों के सभी 75 जिले आज ग्रीन जोन में हैं। दिनभर मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। वहीं 23 अक्टूबर को भी मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 24 अक्टूबर से तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अब धीरे-धीरे सर्दी का असर बढ़ेगा।
लखनऊ और नोएडा में हल्की धुंध
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र अमौसी के अनुसार, लखनऊ में आज सुबह हल्की धुंध देखने को मिली, जबकि दोपहर तक आसमान साफ रहेगा। नोएडा में भी मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन बढ़े हुए AQI के कारण सुबह टहलने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों ने बताया कि आतिशबाजी के बाद हवा में मौजूद सूक्ष्म कणों की मात्रा बढ़ जाने से प्रदूषण स्तर ऊपर गया है। फिलहाल हवा की गुणवत्ता “खराब” श्रेणी में दर्ज की जा रही है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानी जाती है।
ये भी पढ़ें तेज़ रफ़्तार दो बाइकों की भिड़ंत में दो लोगों की मौत, दो घायल












