एटा में जबरन शादी का आरोप: पुलिस ने युवक को कराया मुक्त, युवती बोली— “अपनी मर्जी से की है शादी”
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। अलीगंज थाना क्षेत्र के बिचपुरी गांव में जबरन शादी कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक के पिता ने पुलिस से शिकायत कर आरोप लगाया कि उनके बेटे को बंधक बनाकर जबरन शादी कराई गई है। शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने युवक को मुक्त कराया। हालांकि युवक
ने जबरन शादी का आरोप लगाया, जबकि युवती ने इसे पूरी तरह आपसी सहमति से हुई शादी बताया। मामला तब सामने आया जब बांगबाला गांव निवासी धर्मपाल सिंह ने अपने बेटे राहुल के बंधक बनाए जाने की शिकायत सीओ अलीगंज नीतिश गर्ग से की। पिता ने आरोप लगाया कि भैया दूज के दिन उनका बेटा अपने चाचा के साथ चाचा की ससुराल बिचपुरी गया था, जहां चाचा के साले प्रवीण ने अपनी बेटी शिवानी से राहुल की शादी कराने का दबाव बनाया। मना करने पर राहुल को कमरे में बंधक बनाकर जबरन शादी करा दी गई।शिकायत की गंभीरता को देखते हुए सीओ ने तत्काल पुलिस टीम को गांव भेजा। भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने राहुल को लड़की के घर से मुक्त कराया। युवक को जब थाने लाया गया, तो उसके हाथ-पैरों पर हल्दी लगी थी, कलाई में कंगन और पैरों में महावर भी दिखाई दे रहे थे। इस बीच राहुल और शिवानी की शादी की रस्में निभाते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। थाने में राहुल ने कहा कि उसकी शादी जबरदस्ती कराई गई है। उसने बताया कि जब वह भागने की कोशिश कर रहा था, तो चाचा ने पकड़ लिया और पंडित के बिना ही शादी करा दी गई। विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। वहीं युवती शिवानी का कहना है कि यह शादी पूरी तरह आपसी सहमति से हुई है। “हम दोनों ने अपनी मर्जी से शादी की है। अब राहुल के घर वाले उसे बहका रहे हैं,” उसने थाने में कहा। राहुल की मां क्रांति देवी ने भी आरोप लगाया कि उनके बेटे को पंचायत के माध्यम से छुड़ाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
सीओ अलीगंज नीतिश गर्ग ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। युवक को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।












