सेमीफाइनल में हुई इस तूफानी बल्लेबाज की वापसी
रिपोर्टर: राज भूषण वर्मा | खेल डेस्क
भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया गया है। चोटिल प्रतिका की जगह टीम में शेफाली वर्मा की धमाकेदार वापसी हुई है।
सूत्रों के अनुसार शेफाली गुरुवार (30 अक्टूबर) को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले में स्मृति मंधाना के साथ पारी की शुरुआत कर सकती हैं। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए मशहूर 21 वर्षीय शेफाली ने पिछला वनडे मैच जुलाई 2024 में खेला था। अब तक वह भारत के लिए 29 वनडे, 5 टेस्ट और 90 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुकी हैं।
आईसीसी का बयान
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सोमवार को एक बयान में कहा कि “बांग्लादेश के खिलाफ लीग मैच में फील्डिंग करते समय प्रतिका रावल के दाहिने टखने में चोट लगने के बाद शेफाली वर्मा को उनकी जगह टीम में शामिल किया गया है।”
दरअसल, 21वें ओवर की आखिरी गेंद पर प्रतिका गेंद रोकने के लिए डीप मिडविकेट से दौड़ीं तो उनका दाहिना पैर गीले मैदान में फंस गया और वह दर्द से कराहते हुए गिर पड़ीं। खिलाड़ियों ने तुरंत सहायता की और सहयोगी स्टाफ की मदद से उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया।
प्रतिका रावल का शानदार प्रदर्शन
पूरे टूर्नामेंट में प्रतिका रावल बेहतरीन फॉर्म में रहीं। उन्होंने 6 पारियों में 51.33 की औसत से 308 रन बनाए। न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने अपना पहला वर्ल्ड कप शतक लगाया और महिला वनडे में संयुक्त रूप से सबसे तेज़ 1000 रन बनाने वाली खिलाड़ी भी बनीं।
स्मृति मंधाना के साथ उनकी जोड़ी ने टीम को कई मजबूत शुरुआत दीं। हालांकि अब उनकी जगह आक्रामक बल्लेबाज शेफाली वर्मा प्लेइंग इलेवन में जगह ले सकती हैं।
शेफाली वर्मा का रिकॉर्ड
21 वर्षीय शेफाली का वनडे रिकॉर्ड अभी औसत रहा है। उन्होंने 29 मैचों में 23 के औसत से 644 रन बनाए हैं। हालांकि प्रदर्शन में निरंतरता की कमी के चलते वह वनडे टीम से बाहर थीं, लेकिन छोटे प्रारूप में उनका दबदबा बरकरार है।
इस बीच ऋचा घोष की फिटनेस पर भी संदेह बना हुआ है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में उनकी उंगली में चोट लगी थी और वह बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले से बाहर रहीं।
— दैनिक चक्र स्पोर्ट्स डेस्क
ये भी पढ़ें एटा में जबरन शादी का आरोप: पुलिस ने युवक को कराया मुक्त, युवती बोली— “अपनी मर्जी से की है शादी”












