दिल्ली की ‘सात फेरों की स्कैमस्टर’ – बिना तलाक लिए रचाए 7 शादी, सातवें पति ने किया खुलासा
नई दिल्ली: दिल्ली के नांगलोई से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने बिना तलाक लिए एक के बाद एक सात शादियां कर डालीं। इस चौंकाने वाले ठगी के खेल का खुलासा उसके सातवें पति सूरज सैनी ने किया, जिसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
कैसे खुला ज्योति का झूठ?
सूरज सैनी ने बताया कि उसकी मुलाकात ज्योति से मोहल्ले के एक जागरण में हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों करीब आए और प्यार हो गया। कुछ समय बाद ज्योति गर्भवती हो गई और उसने सूरज पर शादी का दबाव बनाया। सूरज ने उससे शादी कर ली और दोनों नांगलोई में किराए के मकान में रहने लगे।
शादी के कुछ महीने बाद तक सबकुछ ठीक रहा, लेकिन फिर एक दिन ज्योति अचानक घर से ढाई लाख रुपये नकद और गहने लेकर फरार हो गई। जब सूरज ने उसकी तलाश शुरू की, तो उसे चौंकाने वाली सच्चाई पता चली—ज्योति पहले भी छह शादियां कर चुकी थी और हर बार अपने पति को इसी तरह ठगकर भाग जाती थी। 
अदालत ने खारिज की जमानत याचिका
सूरज ने जब पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, तो मामला हाई कोर्ट तक पहुंचा। अदालत ने महिला के खिलाफ पहले से दर्ज मामलों और उसके अपराध को देखते हुए उसकी जमानत अर्जी खारिज कर दी।
पहले भी कर चुकी है कई ठगी
सूरज का कहना है कि ज्योति के खिलाफ पहले से ही कई मामले चल रहे हैं। कुछ मामलों में उसने समझौता कर लिया और पैसे लेकर मामला खत्म किया, लेकिन किसी भी पति से उसने कानूनी रूप से तलाक नहीं लिया।
अब आगे क्या होगा?
पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य पीड़ितों से भी संपर्क किया जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि ज्योति के ठगी के और भी मामले सामने आ सकते हैं।
ये भी पढ़ें CM योगी की सख्त चेतावनी: चीफ इंजीनियर को फटकार, लापरवाही पर मांगी पूरी रिपोर्ट












