अलीगंज रोड पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल, पुलिस कर रही जांच
संवादाता अमन अहमद।
एटा। रविवार दोपहर अलीगंज रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना दोपहर करीब 3 बजे मंडी समिति के समीप लक्ष्मी धर्म कांटा के पास हुई, जब एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक सवार को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घायल युवक की पहचान थाना क्षेत्र सोनई निवासी शनि के रूप में हुई है, जो अलीगंज की ओर से अपने घर लौट रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क किनारे जा गिरी और शनि गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को जिला मेडिकल कॉलेज एटा भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
थाना कोतवाली देहात प्रभारी जितेन्द्र सिंह गौतम ने बताया कि घटना के बाद से अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।












