कठोली के पास सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
संवादाता अमन अहमद।
एटा। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के कठोली गांव के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंजडुंडवारा रोड पर दवा लेने जा रहे बाइक सवार युवक को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घायल को उपचार के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेजा। जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान बसोंड़ा निवासी प्रवीण पुत्र मुखर सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि प्रवीण रविवार दोपहर फसल के लिए दवा लेने बाइक से बाजार जा रहा था, तभी कठोली गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल प्रवीण को जिला मेडिकल कॉलेज की आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।












