एटा के आलमपुर गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या, खेत में सोते समय सिर कुचलकर उतारा मौत के घाट
संवादाता अमन अहमद।

एटा जिले के नया गांव थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावरों ने खेत में सो रहे बुजुर्ग के सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई जब परिजन खेत पर पहुंचे और बुजुर्ग का खून से लथपथ शव देखा। इसके बाद तुरंत नया गांव थाना पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान रामपाल सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मृतक के भतीजे अतर सिंह ने बताया कि सुबह उनके साझेदार ने उन्हें फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद वे तुरंत खेत पर पहुंचे, जहां आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। परिजनों के अनुसार रामपाल सिंह की एक बेटी थी, जिसकी शादी हो चुकी थी, लेकिन कुछ समय पहले उसकी ससुराल में मौत हो गई थी। इसके बाद से बुजुर्ग अकेले ही जीवन व्यतीत कर रहे थे। बताया जा रहा है कि रामपाल सिंह के हिस्से में करीब छह बीघा जमीन थी, जिसे उन्होंने अपने बड़े भाई गेंदालाल के नाम कर दिया था और वे उन्हीं के साथ रहते थे। जमीन को लेकर विवाद की आशंका भी जताई जा रही है। घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग के सिर पर हमला कर उनकी हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।












