बाइक से टक्कर के बाद रोडवेज बस में लगी भीषण आग, यात्रियों की सूझबूझ से बची कई जिंदगियां
संवाददाता : आदित्य द्विवेदी, ऊंचाहार (रायबरेली)
रायबरेली। जनपद रायबरेली में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब कानपुर से रायबरेली आ रही एक रोडवेज बस बाइक से टकराने के बाद अचानक आग की चपेट में आ गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में बस धू-धू कर जलने लगी। हालांकि चालक और परिचालक की सतर्कता के चलते बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के दरीबा स्थित निर्माणाधीन रिंग रोड पर हुई। कानपुर से रायबरेली आ रही रोडवेज बस की एक बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बस में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अन्य यात्री सवार थे, जो परीक्षा देकर रायबरेली लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चालक और परिचालक ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
वहीं, दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।












