नूंह जाते समय हादसा: जालौन के 4 पुलिसकर्मी शहीद, अधिकारियों ने कंधा देकर दी अंतिम विदाई
संवाददाता: आदित्य द्विवेदी, ऊंचाहार
अपने कर्तव्य पथ पर प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जनपद जालौन में तैनात चार पुलिसकर्मियों का हरियाणा के नूंह में दबिश के लिए जाते समय सड़क हादसे में दुखद निधन हो गया। इस दर्दनाक घटना ने पूरे पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी। श्रद्धांजलि समारोह में डीजी/एडीजी कानपुर जोन श्री आलोक कुमार सिंह, आईजी झांसी श्री आकाश कुलहरी, डीएम जालौन एवं एसपी जालौन सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने पहुंचकर शहीदों को कंधा दिया और नम आंखों से अंतिम विदाई दी। इस दौरान मौजूद हर व्यक्ति का दिल द्रवित हो उठा। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल बेहद भावुक हो गया और हर आंख नम नजर आई।
शहीद हुए पुलिसकर्मियों में—
उपनिरीक्षक मोहित यादव
उपनिरीक्षक सत्यभान
कांस्टेबल प्रदीप कुमार
कांस्टेबल अशोक
सभी को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अधिकारियों ने उनके बलिदान को नमन किया और परिजनों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।












