चकबंदी विभाग पर रिश्वत मांगने का आरोप, आहत किसान ने दी जान; सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप
संवादाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जनपद के थाना करहल क्षेत्र के ग्राम जरिया दौलतपुर में चकबंदी विभाग पर रुपए मांगने के आरोप से आहत एक किसान ने आत्महत्या कर ली। किसान ने मरने से पहले सुसाइड नोट लिखकर चकबंदी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि किसान ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि चकबंदी विभाग के कर्मचारियों द्वारा उससे रुपए की मांग की जा रही थी। रुपए न देने पर उसकी जमीन की चकबंदी मनमाने तरीके से कर दी गई, जिससे वह काफी परेशान था। लगातार मानसिक दबाव और उत्पीड़न से आहत होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। सुसाइड नोट में किसान ने यह भी लिखा कि उसकी मौत के बाद गांव में उसकी मूर्ति लगवाई जाए, ताकि लोगों को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा मिल सके। साथ ही उसने अपनी मृत्यु के बाद पोस्टमार्टम न कराए जाने की भी बात लिखी है। घटना की सूचना मिलते ही थाना करहल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। किसान की आत्महत्या के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।












