एटा में लापरवाही पर कार्रवाई: एनसीडी स्क्रीनिंग में कमी पर तीन एएनएम को नोटिस, दो दिन में जवाब तलब
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज में मंगलवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसीएमओ डॉ. सर्वेश कुमार ने की। बैठक के दौरान एनसीडी (गैर-संचारी रोग) स्क्रीनिंग में लापरवाही बरतने पर तीन एएनएम को नोटिस जारी किए गए। उन्हें दो कार्य दिवस के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में प्रभारी चिकित्साधीक्षक डॉ. शिव कुमार, बीपीएम दिव्यांशी भदौरिया, आर्यन सक्सेना और विमल मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। एसीएमओ ने निर्देश दिए कि सभी एएनएम अपने-अपने क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और टीकाकरण कार्य को समय पर पूरा करें। साथ ही शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों के पूर्ण टीकाकरण को प्राथमिकता दी जाए।
एनसीडी स्क्रीनिंग में कमी पाए जाने पर जिन एएनएम को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें सरिता देवी, रंजना पाल और मीरा राजपूत शामिल हैं। एसीएमओ ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












