तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर: चार लोग घायल, एक की हालत गंभीर
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक के पास सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एटा के वीरांगना अवंती बाई लोधी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है, जबकि तीन अन्य का उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घटना की सूचना पर कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। घायलों की पहचान सिल्की (20), शालू (24), हर्षू (19) और सोहिल (18) के रूप में हुई है। ये सभी कोतवाली देहात क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी के निवासी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी लोग दवा लेने जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। ई-रिक्शा चालक हीरा नाथ ने बताया कि वह सवारियां लेकर जा रहा था कि अचानक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे सभी सवारियां घायल हो गईं।
पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और हादसे के लिए जिम्मेदार चालक की तलाश जारी है।












