प्रतापगढ़।आपराधिक प्रवृत्ति वाले शस्त्र लाइसेंस धारकों पर प्रशासन सख्त, सत्यापन अभियान शुरू
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने शस्त्र लाइसेंस धारकों के विशेष सत्यापन के निर्देश जारी किए हैं। इस अभियान के तहत उन सभी लाइसेंस धारकों की जांच की जाएगी जिनके खिलाफ पहले या वर्तमान में कोई आपराधिक मामला दर्ज रहा है।
जिलाधिकारी ने समस्त क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया है कि शस्त्र लाइसेंस जारी होने के बाद संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध दर्ज हुए मामलों का भी परीक्षण किया जाए। यदि जांच में आयुध अधिनियम, 1959 तथा आयुध नियमावली, 2016 की शर्तों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति का शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि जांच के दौरान न्यायालयों द्वारा की गई कार्रवाई और उपलब्ध साक्ष्यों को संकलित कर तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाए। सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर 15 दिनों के भीतर जांच पूरी कर आख्या प्रस्तुत करने को कहा गया है।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त व्यक्ति को शस्त्र रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ये भी पढ़ें पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्र का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा












