अलीगंज बार एसोसिएशन का चुनाव निर्विरोध संपन्न, आपसी सहमति से बनी नई कार्यकारिणी
संवादाता अमन अहमद। एटा के अलीगंज बार एसोसिएशन के दूसरे गुट का चुनाव बृहस्पतिवार को पूरी तरह निर्विरोध संपन्न हो गया। नामांकन वापसी की प्रक्रिया के बाद सभी पदों पर केवल एक-एक प्रत्याशी शेष रहने से चुनाव में आम सहमति बन गई और किसी भी पद पर मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी। इस शांतिपूर्ण और सहमति आधारित चुनाव से अधिवक्ताओं में संतोष और उत्साह का माहौल देखा गया।
एल्डर्स कमेटी के चुनाव अधिकारी रामेंद्र पाल पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि अध्यक्ष पद के लिए प्रमोद कुमार मिश्रा और अनिल कुमार अवस्थी ने नामांकन किया था, जबकि सचिव पद के लिए संतोष कुमार यादव और सुधीर कुमार शाक्य मैदान में थे। 5 फरवरी को नाम वापसी के दौरान अनिल कुमार अवस्थी ने अध्यक्ष पद से और सुधीर कुमार शाक्य ने सचिव पद से अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद प्रमोद कुमार मिश्रा अध्यक्ष और संतोष कुमार यादव सचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
अन्य पदों पर भी निर्विरोध सहमति बनी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राकेश चंद्र दीक्षित, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रामेंद्र देव मिश्रा, सह सचिव पद पर राघवेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष पद पर अनिल कुमार अवस्थी तथा पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर किशन कुमार यादव का निर्विरोध निर्वाचन तय हुआ। वरिष्ठ और कनिष्ठ सदस्य पदों पर भी सभी नामांकन एकल होने के कारण निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित हुआ।
चुनाव अधिकारी ने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया उत्तर प्रदेश राज्य विधिज्ञ परिषद के मॉडल बायलॉज के तहत पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई है। सभी निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों की औपचारिक घोषणा 6 फरवरी को की जाएगी।
ये भी पढ़ें थाना पट्टी पुलिस द्वारा 01 वारण्टी अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया












