“पान ठेला में चोरी की कोशिश नाकाम : दुकान के अंदर घुसे दो शातिर चोरों को ग्रामीणों ने दबोचा, पामगढ़ पुलिस ने घंटों में पहुंचाया सलाखों के पीछे!”
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
जांजगीर-चांपा। पामगढ़ थाना क्षेत्र में एक पान ठेला दुकान में देर रात चोरी का प्रयास करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपियों ने दुकान का ताला-कुंडा तोड़कर अंदर घुसकर चोरी करने की कोशिश की थी, लेकिन दुकान संचालक की सतर्कता और ग्रामीणों की मदद से दोनों रंगे हाथों पकड़ लिए गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजकुमार राठौर निवासी धाराशिव ने थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 15 मई 2026 की रात करीब 8 बजे अपनी पान दुकान बंद कर पारिवारिक कार्यक्रम में जांजगीर गया था। रात लगभग 11 बजे वापस लौटने पर उसने देखा कि दुकान के सामने का कुंडा टूटा हुआ है और दरवाजा हल्का खुला हुआ था। अंदर से आवाज आने पर उसने तत्काल बाहर से सिटकनी लगा दी और आसपास के लोगों को बुलाया। जब दुकान खोली गई तो अंदर से दो युवक बाहर निकलकर भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अविनाश यादव (33 वर्ष) निवासी भोजपुर चौक चांपा तथा रवि यादव (21 वर्ष) निवासी खोखरा वार्ड क्रमांक 08 जांजगीर बताया। आरोपियों ने बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से आकर चोरी की नीयत से दुकान का ताला तोड़ना स्वीकार किया। मामले में थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 203/2026 धारा 331(4), 62, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी, प्रधान आरक्षक केदार साहू, रामलाल मार्कंडेय, आरक्षक विजय पटेल, लक्ष्मीकांत, चंद्रशेखर कैवर्त्य, बेदराम पटेल सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।












