सकीट सर्किल की पुलिस का रिपोर्ट कार्ड जांचने पहुंचे एएसपी श्वेताभ पाण्डेय, लंबित मामलों के जल्द निस्तारण और अपराधियों पर सख्ती के निर्देश।
संवादाता अमन अहमद। एटा। जनपद एटा में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने क्षेत्राधिकारी सकीट कार्यालय में सकीट सर्किल के सभी थानों का अर्दली रूम आयोजित कर पुलिस कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना पत्रों के निस्तारण, गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) की तामील, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा महिला संबंधी अपराधों की प्रगति का गहन परीक्षण किया।
एएसपी ने टॉप-10 अपराधियों की निगरानी, हिस्ट्रीशीटरों पर प्रभावी कार्रवाई, ई-समन की स्थिति, निरोधात्मक कार्रवाई, यक्ष ऐप सत्यापन, साइबर अपराधों की रोकथाम, मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली तथा माल निस्तारण की भी समीक्षा की। उन्होंने पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने और अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में विशेष रूप से वाहन चोरी, नकबजनी और अन्य चोरी की घटनाओं से संबंधित लंबित विवेचनाओं पर चर्चा की गई। संबंधित विवेचकों को निर्देशित किया गया कि सभी मामलों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।
अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों और विवेचकों को जनता के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार अपनाने, महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग सहित सकीट सर्किल के सभी थाना प्रभारी एवं विवेचक उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें कोतवाली देहात थाने का त्रैमासिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश।












