पहलगाम आतंकी हमला: जामा मस्जिद में मना ‘ब्लैक डे’, भारत के मुसलमानों ने पाकिस्तान को भेजा पैगाम
दिल्ली: पहलगाम आतंकी हमले को लेकर देशभर में पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश और विरोध देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में आज जुमे की नमाज के बाद दिल्ली की जामा मस्जिद के बाहर मुस्लिम समुदाय ने प्रदर्शन किया। जामा मस्जिद में ‘ब्लैक डे’ मनाते हुए लोगों ने पाकिस्तान की निंदा की और उसे जमकर लताड़ा। मस्जिद की सीढ़ियों पर इकट्ठा सैकड़ों मुसलमानों ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर अपनी आवाज उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तिरंगा और ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ जैसे नारे लिखे पोस्टर लेकर यह स्पष्ट कर दिया कि आतंकवाद के खिलाफ देश एकजुट है। लोगों ने कहा कि पाकिस्तान केवल हिंदुओं का नहीं, बल्कि भारतीय मुसलमानों का भी दुश्मन है। जामा मस्जिद की सीढ़ियों से गूंजते स्वर में यह बात दोहराई गई कि भारत के मुसलमान अपने देश के लिए किसी भी कुर्बानी से पीछे नहीं हटेंगे।
वक्ताओं ने कहा कि जो भारत पर बुरी नजर डालेगा, उसका विरोध करने के लिए सबसे पहले मुसलमान ही आगे आएंगे। आतंकवाद को इस देश की मिट्टी में पनपने नहीं देंगे। साथ ही, सरकार से भी मांग की गई कि वह आतंक के खिलाफ सख्त और निर्णायक कदम उठाए।
‘आतंकवाद का हो विनाश’
मुस्लिमों ने हाथों में तिरंगा और पाकिस्तान मुर्दाबाद के पोस्टर लेकर आतंकियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों के हाथों में जो पोस्टर था उसमें लिखा था, “हर घर से निकलेगी आवाज आतंकवाद का हो विनाश। एक बेगुनाह का कत्ल सारी इंसानियत का कत्ल है. पहलगाम पर हमला इंसानियत पर हमला।
बता दें कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसारन घाटी में दोपहर करीब 1.30 बजे आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला कर दिया था। आतंकियों के निशाने पर हिंदू पर्यटक थे। आतंकवादियों ने वहां मौजूद पुरुषों से धर्म पूछ-पूछकर 26 लोगों की हत्या कर दी थी। उन्होंने इन टूरिस्टों को इसलिए गोलियों से छलनी कर दिया था क्योंकि वे हिंदू थे और उन्हें कलमा पढ़ना नहीं आता था। मृतकों में UP, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के पर्यटक हैं। नेपाल और UAE के एक-एक टूरिस्ट और 2 स्थानीय भी मारे गए थे। जम्मू-कश्मीर में 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा अटैक के बाद ये सबसे बड़ा हमला है।
ये भी पढ़ें दिल्ली: गृहमंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों के CM से की बात, पाक नागरिकों के वीज़ा रद्द करने के निर्देश












