मथुरा में साइबर ठगों पर पुलिस का बड़ा एक्शन,दो गांवों में छापेमारी कर कई गिरफ्तार
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत; मथुरा में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दर्जनों साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कस्टडी में बैठे दिख रहे ये सभी आरोपी ऑनलाइन ठगी के मामलों में लिप्त बताए जा रहे हैं। इन सभी के खिलाफ साइबर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मथुरा पुलिस के करीब 250 पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से दो गांवों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। कई घंटों तक चली इस कार्रवाई में पुलिस ने कई शातिर साइबर अपराधियों को दबोच लिया। हालांकि पुलिस कार्रवाई के बावजूद 45 आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी आधार कार्ड, दर्जनों मोबाइल फोन, चार बाइक और एक कार बरामद की है। आशंका जताई जा रही है कि इन साधनों का इस्तेमाल लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाने में किया जाता था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई साइबर अपराध पर लगाम लगाने के उद्देश्य से की गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है, जिससे साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी सामने आ सकती है।
एटा की लीकेज पानी टंकी पर सियासत, सिंगापुर दौरे को लेकर अखिलेश का तंज












