शिक्षा ढाँचे में बड़ा बदलाव: पानीपत में चार नए सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के लिए भूमि चयन प्रक्रिया शुरू
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा
पानीपत, 9 दिसंबर। हरियाणा सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास में शिक्षा को सबसे मजबूत आधार मानते हुए बड़े पैमाने पर शिक्षा सुधार की दिशा में कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में पानीपत जिले में चार नए सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने मंगलवार को जिला सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए। उपायुक्त डॉ. दहिया ने बताया कि नए स्कूलों का निर्माण जिले के शिक्षा तंत्र को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम है। उनका स्पष्ट कहना है कि “हमारा लक्ष्य है कि जिले का कोई भी बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित न रहे।”
चार स्थानों पर बनेंगे नए सीनियर सेकेंडरी स्कूल
स्कूल निर्माण के लिए निम्न क्षेत्रों में उपयुक्त भूमि चयन की प्रक्रिया गंभीरता और पारदर्शिता के साथ जारी है—
काबड़ी रोड
कुटानी रोड
उझा रोड
बबैल रोड
अधिकारियों को मिले सख्त निर्देश
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि—
भूमि निरीक्षण से लेकर पोर्टल पर दरों के अंकन तक कोई देरी न हो प्रत्येक चरण पूर्ण ईमानदारी और सटीकता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए सरकार द्वारा अंतिम स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शिक्षा विभाग के सभी निर्धारित मानकों के अनुसार उत्कृष्ट रूप में पूरा कराया जाए “लक्ष्य केवल इमारतें बनाना नहीं, गुणवत्तापूर्ण वातावरण तैयार करना” डॉ. दहिया ने कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ नई इमारतें खड़ी करना नहीं, बल्कि ऐसा शिक्षण वातावरण तैयार करना है जो बच्चों के भविष्य को संवार सके, उनकी प्रतिभा को निखार सके और समाज को शिक्षित, सक्षम एवं सशक्त बनाने में योगदान दे सके।
यह परियोजना पानीपत के शिक्षा ढांचे में नई ऊर्जा भरने वाली है।
बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त विवेक चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीआरओ कनब लाकड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।












