राष्ट्रीय बाल रंग 2025 में पानीपत की बेटियों की चमक, मतलौड़ा स्कूल ने रचा इतिहास—जीता राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत (हरियाणा)
पानीपत, 9 दिसंबर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, श्यामला हिल्स, भोपाल में आयोजित ग्रुप फोक डांस – राष्ट्रीय बाल रंग 2025 प्रतियोगिता में हरियाणा की बेटियों ने पूरे देश में अपना दमखम दिखाया। भारत के 19 राज्यों की टीमों के बीच आयोजित इस भव्य राष्ट्रीय मंच पर हरियाणा के जिला पानीपत के ब्लॉक मतलौड़ा की राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मतलौड़ा की टीम ने शानदार प्रस्तुति देकर राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि ने पूरे हरियाणा और पानीपत का मान बढ़ा दिया है। यह पहली बार है जब पानीपत जिले की किसी टीम ने ब्लॉक स्तर से शुरुआत करते हुए जिला, राज्य और अब राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचकर इतना शानदार प्रदर्शन किया है। यह सफलता न केवल छात्राओं के कठिन परिश्रम का परिणाम है बल्कि जिले के लिए एक ऐतिहासिक क्षण भी है। जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने छात्राओं को बधाई देते हुए उन्हें शिक्षा और कला दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने का संदेश दिया। जिला कोऑर्डिनेटर संदीप रत्तेवाल ने भी टीम को शुभकामनाएं दीं। इस उपलब्धि के पीछे बीईओ मतलौड़ा अश्वनी, विद्यालय प्राचार्य सुरेश दलाल, मतलौड़ा सरपंच जसमेर देशवाल, वाइस चेयरमैन नरेश कुमार, सुमेर सिंह, सुषमा रावल और महेंद्र दीक्षित का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय की शिक्षिका रश्मि ने इन छात्राओं को तैयार करने में विशेष भूमिका निभाई। गौरतलब है कि सरपंच जसमेर देशवाल ने टीम का मनोबल बढ़ाते हुए प्रत्येक छात्रा को एक-एक ट्रैक सूट और 1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की।
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मतलौड़ा की इस उपलब्धि ने न केवल स्कूल बल्कि पूरे पानीपत और हरियाणा को गौरवान्वित किया है। यह उत्कृष्ट प्रदर्शन आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का काम करेगा।












