परिवहन विभाग में बड़ा फेरबदल, एटा के एआरटीओ सत्येंद्र कुमार का अलीगढ़ तबादला
स्टेट ब्यूरो चीफ़ विष्णु रावत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने परिवहन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों (ARTO) के बंपर तबादले किए हैं। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रदेशभर में 26 एआरटीओ और कई परिवहन अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस व्यापक तबादला सूची में एटा के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सत्येंद्र कुमार का भी नाम शामिल है। उनका तबादला एटा से अलीगढ़ कर दिया गया है। वहीं मैनपुरी में तैनात एआरटीओ शिवम यादव को एटा का नया सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बनाया गया है। शासन के इस निर्णय के बाद परिवहन विभाग में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। तबादला सूची में गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर देहात, नोएडा, मिर्जापुर, प्रयागराज, मेरठ, बाराबंकी, देवरिया, श्रावस्ती और अन्य कई जिलों के अधिकारियों के नाम शामिल हैं। विभागीय स्तर पर इसे कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अचानक हुए इस बड़े फेरबदल से परिवहन विभाग में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि नई तैनातियों के बाद विभागीय निगरानी, प्रवर्तन कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।












