तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से बाइक सवार की मौत इलाज के दौरान हुई दर्दनाक मौत
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
जनपद के पिलुआ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक “छोटा हाथी” (लोडर वाहन) ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना निधौली कला क्षेत्र के गांव नगला भंडा निवासी दुर्वेश किसी कार्य से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पिलुआ थाना क्षेत्र के गांव पुठिया के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार लोडर वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज एटा भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अलीगढ़ के हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने लोडर वाहन को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।












