सीडीओ ने जन चौपाल में योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी, समस्याओं का त्वरित निस्तारण हेतु किया निर्देशित।
संवाददाता करन कुमार विश्वकर्मा प्रतापगढ़। आपको बता दें कि जनपद प्रतापगढ़ में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा की अध्यक्षता में विकास खण्ड मान्धाता की ग्राम पंचायत सरायनाहरराय में जन चौपाल का आयोजन किया गया। जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य शासन की मंशानुरूप अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना, जन समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराना तथा योजनाओं की धरातलीय स्थिति का भौतिक सत्यापन करना रहा। जन चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों को राशन कार्ड से वंचित परिवारों के लिए फैमिली आईडी के महत्व की जानकारी दी गई तथा फैमिली आईडी बनवाने हेतु प्रेरित किया गया। इसके अलावा राशन कार्ड से संबंधित मांगों पर आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
इसके अतिरिक्त फार्मर रजिस्ट्री, कन्या सुमंगला योजना, पीएम सूर्यघर योजना, मनरेगा श्रमिकों के श्रम विभाग में पंजीकरण के उपरांत मिलने वाले लाभ तथा मनरेगा योजना के स्थान पर नई योजना वीबी० जी० राम जी की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। सीडीओ ने ग्राम पंचायत में जिन पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उनके लिए आगामी सप्ताह में विशेष शिविर आयोजित कर शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित सचिव को दिए। इसके साथ ही ग्राम पंचायत में खराब हैंडपंपों की स्थिति की जानकारी करते हुए खण्ड विकास अधिकारी मान्धाता को तीन दिवस के भीतर सर्वे कराकर मरम्मत अथवा रिबोर की कार्यवाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा आवास प्लस सूची में छूटे पात्र व्यक्तियों का सत्यापन कराने के निर्देश भी खण्ड विकास अधिकारी को दिए गए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा पात्रता के आधार पर प्रत्येक व्यक्ति को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए गए। जन चौपाल में वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ शौचालय, पात्र गृहस्थी कार्ड एवं भूमि विवाद से संबंधित मामलों की जानकारी ली गई तथा ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान कराया गया। जन चौपाल में सीडीओ द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्न प्रासन्न भी कराया गया।
चौपाल के दौरान सीडीओ ने उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि सभी विकास योजनाओं का पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। जन चौपाल में प्राप्त शिकायतों का तीन कार्य दिवस के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुए प्रमाण सहित आख्या प्रस्तुत की जाए। लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार पूर्ण कराया जाए। लाभार्थी चयन में किसी भी प्रकार की अनियमितता या पक्षपात पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। समस्त अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन चौपाल में प्राप्त सभी शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। जन चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की संचालित योजनाओं के बारे में स्टाल भी लगाये गये। जन चौपाल में परियोजना निदेशक दयाराम यादव, उपायुक्त श्रम रोजगार संतोष कुमार सिंह, उपायुक्त स्वतः रोजगार देव कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेन्द्र कुमार मौर्य, जिला प्रोवेशन अधिकारी राम बाबू विश्वकर्मा सहित अन्य जनपद स्तरीय एवं क्षेत्रीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।












