सड़क हादसे में पिता-पुत्री घायल, रायपुर रेफर
भूतड़ा राइस मिल के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, पुलिस ने दर्ज किया मामला
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा। सोमवार शाम-रात के दौरान भूतड़ा राइस मिल के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में दोनों के पैर में फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। मामले में सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पोखन मारकंडे अपनी पुत्री अनीता मारकंडे के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान भूतड़ा राइस मिल के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों के पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली है।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया।
इस संबंध में राजेश कुमार मारकंडे द्वारा सिटी कोतवाली बेमेतरा में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना की जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ में बड़ी पुलिस कार्रवाई: करंट लगने से युवक की मौत के मामले में नामजद अभियुक्त गिरफ्तार।












